गोवंश तस्करी का मास्टरमाइंड जमील कुरेशी फिर ‘नॉट अरेस्ट’, 4 आरोपी गिरफ्तार

आरमोरी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 32 गोवंश बरामद, 19.60 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त

गढ़चिरौली ब्यूरो : जिले में अवैध गोवंश परिवहन के खिलाफ गढ़चिरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो चारपहिया वाहनों और तीन मोबाइल फोन समेत कुल 19 लाख 60 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गोवंश तस्करी का मुख्य सूत्रधार बताए जा रहे जमील कुरेशी समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं।

यह कार्रवाई 28 अगस्त 2026 की रात स्थानीय अपराध शाखा और आरमोरी पुलिस ने आरमोरी थाना क्षेत्र के ठाणेगांव-आरमोरी टी-पॉइंट के पास की।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुरखेडा निवासी शहजाद शेख और गेवरधा निवासी जमील कुरेशी के कहने पर आयसर वाहन क्रमांक MH-04-GR-0384 में गोवंश भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ठाणेगांव-आरमोरी टी-पॉइंट के पास नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की।

कुछ समय बाद दो पायलटिंग वाहन और उनके पीछे आयसर वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस ने आयसर वाहन को रोकने का प्रयास किया। वाहन में सवार दो लोगों ने जंगल की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर प्रणय समीर जांभुळकर (20), निवासी आंधळी, तहसील कुरखेडा को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी भागने में सफल रहा।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 26 गाय और 6 बैल, कुल 32 गोवंशीय पशु, बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाए जा रहे थे।

इसी दौरान आगे पायलटिंग कर रही काले रंग की क्रेटा कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसका चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पीछे आ रही सफेद स्विफ्ट डिजायर क्रमांक CG-10-AM-8415 को पुलिस ने रोक लिया। वाहन में सवार तीन लोगों ने भी जंगल की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबाज सलाम शेख (31), निवासी विवेकानंद नगर, गढ़चिरौली, शोहेब फारुक शेख (27) और शेख आकिब नासीर शेख, दोनों निवासी जाफरनगर, नागपुर तथा प्रणय समीर जांभुळकर (20), निवासी आंधळी, कुरखेडा के रूप में हुई है।

पूछताछ में जमील कुरेशी का नाम

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे शहजाद शेख और जमील कुरेशी के कहने पर गोवंश से भरे आयसर वाहन की पायलटिंग कर रहे थे। पुलिस के अनुसार इस मामले में जमील कुरेशी और शहजाद शेख की भूमिका सामने आई है। दोनों फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

तीन दिन में दूसरी कार्रवाई, फिर सामने आया जमील कुरेशी का नाम

कुरखेड़ा तहसील के गेवरधा में 25 अगस्त 2026 को 19 लाख 65 हजार रुपये की अवैध गोवंश तस्करी के मामले में भी जमील कुरेशी का नाम सामने आया था। उस कार्रवाई में भी जमील कुरेशी को मास्टरमाइंड बताया गया था और वह फरार था। इसके ठीक तीन दिन बाद 28 अगस्त को आरमोरी तहसील के ठाणेगांव पॉइंट पर गढ़चिरौली एलसीबी पुलिस की कार्रवाई में भी एक बार फिर मास्टरमाइंड के तौर पर जमील कुरेशी का ही नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि जमील कुरेशी के कहने पर ही गोवंश तस्करी का काम चल रहा था। लगातार हुई दोनों कार्रवाई में जमील कुरेशी का नाम सामने आने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं होने से अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर पुलिस जमील कुरेशी को गिरफ्तार क्यों नहीं कर पा रही है? हर कार्रवाई में नाम सामने आने के बाद भी वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर कैसे निकल जाता है? अब सवाल यह है कि आखिर जमील कुरेशी हर बार पुलिस से क्यों छूट जाता है?

6 गोवंश मृत मिले

पुलिस द्वारा जब्त किए गए 32 गोवंशीय पशुओं की पशु चिकित्सकों से जांच कराई गई। जांच के दौरान 4 गाय और 2 बैल, कुल 6 पशु मृत पाए गए।

पुलिस ने 32 गोवंश की कीमत करीब 5 लाख 95 हजार रुपये, आयसर वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये और स्विफ्ट डिजायर की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी है। तीन मोबाइल फोन समेत कुल 19.60 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है।

7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

इस मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों के अलावा फरार शहजाद शेख, जमील कुरेशी और आयसर वाहन के अज्ञात चालक के खिलाफ आरमोरी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 380/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960, महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम 1976 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू है, जबकि जमील कुरेशी और अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक गणेश कांबळे, आरमोरी पुलिस थाना कर रहे हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी और सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे के मार्गदर्शन में की गई। स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अरुण फेगडे तथा आरमोरी पुलिस निरीक्षक सचिन झनक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज..

यह भी पढ़ें: