आरमोरी में अवैध सुगंधित तंबाकू पर छापा, 9.30 लाख का माल जब्त

महाराष्ट्र में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू के खिलाफ सख्ती के बीच गड़चिरौली जिले के आरमोरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध तंबाकू का जखीरा पकड़ा है। इस कार्रवाई में कुल 9 लाख 30 हजार 990 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया, जिसमें बड़ी मात्रा में सुगंधित तंबाकू, एक चारपहिया वाहन और अन्य सामग्री शामिल है।

पुलिस को 18 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि देऊलगांव निवासी गोपाल हरीराम निंबेकर अपने घर में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू बिक्री के उद्देश्य से जमा कर रखा है। सूचना की पुष्टि के बाद आरमोरी पुलिस की टीम ने पंचों की मौजूदगी में उसके घर पर छापा मारा। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

छापेमारी के दौरान घर की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध तंबाकू बरामद हुआ। साथ ही घर के पास खड़ी एक सफेद रंग की मारुति वैगनआर (क्रमांक MH 33 AC 6256) की जांच करने पर उसमें भी तंबाकू का जखीरा मिला। जब्त सामग्री में 268 पैकेट हुक्का शिशा तंबाकू, “मजा 108” कंपनी के बॉक्स, “विमल” पान मसाला पाउच सहित अन्य प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू शामिल है।

इसके अलावा पुलिस ने एक चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त किया। कुल मिलाकर 9,30,990 रुपये मूल्य का मुद्देमाल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।

इस मामले में गोपाल हरीराम निंबेकर (39) निवासी देऊलगांव और यशवंत विठ्ठल हर्षे (40) निवासी गिलगांव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश तोर्रेम की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक विजय चलाख कर रहे हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़…

यह भी पढ़ें: