शहीद परिवार से 2.16 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

गड़चिरोली पुलिस ने शहीद जवान के परिवार से नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर पुणे जिले से पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2013 में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस जवान गणपत मडावी शहीद हो गए थे। शासन की अनुकंपा नीति के तहत उनके बेटे सागर मडावी ने वर्ग-1 पद के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान वर्ष 2022 में पुणे में पढ़ाई के दौरान सागर की मुलाकात आरोपी ज्ञानेश्वर शिवाजी वरे से हुई।

आरोपी ने मंत्रालय में अपनी पहचान होने का दावा करते हुए सागर को उप-जिलाधिकारी (वर्ग-1) पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मंत्रालय के अधिकारियों को पैसे देने के नाम पर सागर और उसकी मां से समय-समय पर नकद, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और एटीएम के माध्यम से कुल 2 करोड़ 16 लाख 79 हजार 100 रुपये ठग लिए।

पीड़ित की शिकायत पर 20 अप्रैल 2026 को गड़चिरोली थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाकर पुणे जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इस मामले में शामिल अन्य चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है, वहीं आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़…

यह भी पढ़ें: