नवी मुंबई : नवी मुंबई के उरण स्थित जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (जेएनपीए) क्षेत्र के पास गव्हाण फाटा इलाके में शनिवार दोपहर करीब 2:45 बजे एक माल हैंडलिंग गोदाम अचानक आग का गोला बन गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम के भीतर रखा पूरा सामान इसकी चपेट में आ गया।
आग के साथ लगातार तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार धमाके इतने जोरदार थे कि आसपास के घरों और दुकानों तक कंपन महसूस किया गया। गोदाम से उठती ऊंची लपटें और घना काला धुआं आसमान में फैल गया, जो कई किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रहा था।
घटना के समय गोदाम में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागते नजर आए। समय रहते सभी ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा जनहानि टल गई। हालांकि आग की तीव्रता को देखते हुए अंदर रखा लाखों रुपये का माल जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की भीषणता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही।
प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं और आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली कराया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक अंदाजा शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री के कारण आग भड़कने का लगाया जा रहा है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अभी भी भय के साए में हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़…