पानी की हर बूंद बचाने का संकल्प; जल संरक्षण सप्ताह का उत्साहपूर्ण समापन
गडचिरोली, 21 अगस्त : जल संरक्षण सप्ताह के समापन अवसर पर आज गडचिरोली शहर में आयोजित ‘महा वॉकेथॉन–वॉक फॉर वॉटर’ को नागरिकों, युवक-युवतियों और जल संरक्षण समर्थकों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला। इंदिरा गांधी चौक से शुरू हुई इस वॉकेथॉन को विधायक डॉ. मिलिंद नरोटे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पोटेगांव स्थित जिला स्टेडियम में वॉकेथॉन का समापन हुआ।
15 से 21 अगस्त तक आयोजित जल संरक्षण सप्ताह के तहत मृदा एवं जल संरक्षण विभाग की ओर से इस वॉकेथॉन का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर नगराध्यक्ष प्रणिती निंबोरकर, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र भुयार, मृदा एवं जल संरक्षण विभाग के कार्यकारी अभियंता राजेश कोठेकर, जिला नियोजन अधिकारी प्रमोद घाडगे, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
इस अवसर पर विधायक डॉ. मिलिंद नरोटे ने कहा कि पानी का उचित नियोजन समय की सबसे बड़ी जरूरत है। बारिश के पानी को रोककर उसे जमीन में उतारने के साथ-साथ रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्प्रिंकलर सिंचाई जैसी जल संरक्षण की तकनीकों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है। गडचिरोली जिले को सुजलाम-सुफलाम बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास करते हुए पानी की हर बूंद बचाने का संकल्प लेना चाहिए, ऐसा आह्वान उन्होंने किया।
नगराध्यक्ष प्रणिती निंबोरकर ने भी भविष्य में पानी की कमी को रोकने के लिए अभी से जल संरक्षण और पानी के उचित नियोजन की आवश्यकता पर जोर दिया। ‘पानी रोको, पानी जमीन में उतारो’ की संकल्पना को जनआंदोलन का रूप देकर प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए, ऐसा उन्होंने कहा।
जल संरक्षण विषय पर रील्स बनाकर भेजने की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी गई है। मृदा एवं जल संरक्षण विभाग ने नागरिकों से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर महा वॉकेथॉन में शामिल युवक-युवतियों में से लकी ड्रॉ के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों को मान्यवरों के हाथों प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
ब्युरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज…