बाढ़ का दर्द, राहत का सहारा: भामरागड़ के 500 प्रभावित परिवारों को जीवनावश्यक वस्तुओं का वितरण

गडचिरोली, 21 अगस्त : भामरागड़ तहसील में जुलाई के अंत और अगस्त की शुरुआत में हुई भारी बारिश तथा बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए आज जीवनावश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया। तहसील प्रशासन के सर्वेक्षण के आधार पर चयनित 500 बाढ़ प्रभावित परिवारों को निजी संस्था की ओर से खाद्यान्न और दैनिक जरूरतों की सामग्री के किट प्रदान किए गए।

भारी बारिश के कारण भामरागड़ में गंभीर बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई थी। बाढ़ का पानी बस्तियों में घुसने से कई परिवारों के खाद्यान्न और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा था। बाढ़ के दौरान करीब 700 नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और उनके लिए अस्थायी निवास की व्यवस्था की गई थी। बाढ़ का पानी उतरने के बाद तहसील प्रशासन ने प्रभावित परिवारों का सर्वेक्षण कर राहत सहायता के लिए 500 परिवारों का चयन किया।

वितरित राहत किट में चावल, गेहूं, तूर दाल, पोहा, चीनी, खाद्य तेल, नमक, मसाले, साबुन, बालों का तेल और कंबल सहित आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। इसके साथ ही 200 स्टेशनरी किट भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर तहसीलदार किशोर बागड़े, नायब तहसीलदार राजीव निखत, तहसील कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ब्युरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज..

यह भी पढ़ें: