गडचिरोली: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गडचिरोली पुलिस विभाग के लिए गौरव का क्षण रहा। पुलिस विभाग के 20 पुलिस अधिकारियों व अंमलदारों को राष्ट्रपति पुलिस शौर्य पदक, जबकि एक पुलिस अधिकारी को गुणवत्तापूर्ण सेवा के लिए पदक घोषित किया गया था। इस उपलब्धि के अवसर पर पदक विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ देकर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के हाथों सम्मानित किया गया।
इसी अवसर पर 14 अगस्त 2026 को गडचिरोली पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर पदोन्नति प्राप्त करने वाले 6 पुलिस अधिकारियों, साथ ही उत्कृष्ट एवं अतिउत्कृष्ट सेवा पदक प्राप्त करने वाले 30 पुलिस अधिकारियों व अंमलदारों को प्रमाणपत्र एवं पुष्पगुच्छ देकर शुभकामनाएं दी गईं।
वहीं, 1 मई 2026 को गडचिरोली पुलिस विभाग के 425 पुलिस अधिकारियों व अंमलदारों को सी-60 सेवा पदक प्रदान किए जाने की घोषणा पुलिस महासंचालक की ओर से की गई थी। इसी के तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 5 पुलिस अधिकारियों व अंमलदारों को प्रतिनिधिक स्वरूप सी-60 सेवा पदक पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के हाथों प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना और उनसे संवाद किया।
गडचिरोली जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों और जवानों द्वारा किए जा रहे साहसिक एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए मिले इन पदकों को पुलिस विभाग की सेवा, समर्पण और वीरता की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।
ब्युरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज…