अमूल के दूध प्रोजेक्ट में हादसा, 5 महिला कर्मचारी अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के विरार पूर्व स्थित कण्हेर फाटा इलाके में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अमूल दूध प्रोजेक्ट में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। घटना सुबह करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। उस समय प्लांट में नियमित उत्पादन के साथ-साथ रखरखाव (मेंटेनेंस) और मरम्मत का कार्य चल रहा था।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, प्लांट के कोल्ड स्टोरेज और प्रोसेसिंग यूनिट में उपयोग होने वाली अमोनिया गैस की पाइपलाइन में तकनीकी खामी आने से अचानक गैस लीक होने लगी। अमोनिया का उपयोग दूध और अन्य डेयरी उत्पादों को ठंडा रखने के लिए किया जाता है। रिसाव होते ही प्लांट परिसर में तेज गंध फैल गई और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. उस समय कंपनी में 70 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत अलार्म बजाया गया और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर निकाला गया। समय रहते निकासी होने से बड़ा हादसा टल गया।

5 महिला कर्मचारी प्रभावि

गैस के संपर्क में आने से पांच महिला कर्मचारियों को सांस लेने में तकलीफ, घबराहट और चक्कर आने की शिकायत हुई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को पेल्हार स्थित गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सभी की हालत फिलहाल स्थिर है और खतरे से बाहर हैं।

पुलिस और दमकल की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही Mandvi Police Station की टीम और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्लांट का निरीक्षण कर गैस रिसाव को पूरी तरह बंद कराया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रणजीत आंधळे ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।

सुरक्षा पर उठे सवाल

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही Tarapur की एक रासायनिक कंपनी में गैस रिसाव की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से प्लांट की सुरक्षा ऑडिट और कड़े निरीक्षण की मांग की है।

जांच जारी

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी को कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज…

यह भी पढ़ें: