कुंभ 2027 बनेगा देश का सबसे ‘स्मार्ट’ मेला, AI संभालेगा भीड़

मुंबई, 23 अप्रैल 2026: नासिक-त्र्यंबकेश्वर में होने वाले सिंहस्थ कुंभ 2027 को इस बार पूरी तरह ‘स्मार्ट’ और टेक्नोलॉजी-सक्षम बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। कुंभ मेला प्राधिकरण ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को केंद्र में रखकर ऐसा मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है, जिससे 12 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संभाला जा सके।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कहा कि आधुनिक तकनीक ही बड़े आयोजनों की रीढ़ बन सकती है। इसी विज़न के तहत कुंभ 2027 को देश का सबसे हाईटेक और स्मार्ट आयोजन बनाने पर जोर दिया जा रहा है। मुंबई में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में प्रशासन, पुलिस और अंतरराष्ट्रीय टेक कंपनियों के साथ मिलकर इस दिशा में विस्तृत रणनीति बनाई गई।

इस बार सबसे बड़ा फोकस ‘रिएक्टिव’ के बजाय ‘प्रेडिक्टिव’ सिस्टम पर है। यानी AI पहले से ही भीड़, ट्रैफिक, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी संभावित समस्याओं का अनुमान लगाकर प्रशासन को अलर्ट करेगा, ताकि समय रहते कदम उठाए जा सकें।

‘कुंभ AI स्टैक’ के जरिए हजारों CCTV कैमरों, ड्रोन, सेंसर और मोबाइल डेटा का रियल-टाइम विश्लेषण किया जाएगा। मौजूदा 1300 कैमरों के साथ करीब 4000 नए कैमरे जोड़े जाएंगे, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके साथ स्मार्ट ट्रैफिक, पार्किंग और पर्यावरणीय सिस्टम को भी एकीकृत किया जाएगा|

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘कुंभदूत’ नाम का AI-आधारित डिजिटल असिस्टेंट भी तैयार किया जा रहा है, जो WhatsApp, IVR, मोबाइल ऐप और पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए मार्गदर्शन देगा। इससे आम लोगों को जानकारी और सहायता तुरंत मिल सकेगी।

गौरतलब है कि कुंभ 2027 में करीब 12 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है, जबकि प्रमुख स्नान के दिनों में एक ही दिन में 2.5 करोड़ लोगों की भीड़ जुट सकती है। नासिक और त्र्यंबकेश्वर के बीच 31 किलोमीटर के क्षेत्र में फैले इस मेले को 15 जून से 30 सितंबर 2027 तक आयोजित किया जाएगा. कुल मिलाकर, कुंभ 2027 को ‘स्मार्ट कुंभ’ बनाने की यह पहल देश में बड़े धार्मिक आयोजनों के प्रबंधन का नया मॉडल साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें: