जलगांव जिले के मुक्ताईनगर शहर में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ खुलेआम शहर के बीचों-बीच घूमता नजर आया। तेंदुए के दिखने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
तेंदुआ सरकारी रेस्ट हाउस और बस स्टैंड इलाके में घूमता दिखाई दिया, जिससे स्थानीय नागरिकों में डर का माहौल फैल गया। कुछ लोगों ने घबराहट में उस पर पत्थर और अन्य चीजें फेंकने की कोशिश भी की, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और तेंदुए को पकड़ने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरूआती प्रयासों में तेंदुए को काबू करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और यह अभियान करीब 3 से 4 घंटे तक चला।
आखिरकार वन विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय विधायक चंद्रकांत पाटील की मौजूदगी में संयुक्त प्रयासों से तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़…