चंद्रपुर में गर्मी का कहर, बाघ-तेंदुओं के लिए कूलर और खास इंतज़ाम

45 डिग्री पार तापमान, ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर में वन्यजीवों को दी जा रही ठंडक

चंद्रपुर: जिले में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जहां आमजन परेशान हैं, वहीं जंगलों के राजा बाघ और तेंदुए भी इस तपिश से बेहाल हो रहे हैं। ऐसे में चंद्रपुर के ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर से राहत भरी तस्वीर सामने आई है, जहां वन विभाग ने इन वन्यजीवों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं।

हर केज में कूलर, दिन-रात मिल रही ठंडी हवा

सेंटर में मौजूद 11 बाघ और 4 तेंदुओं के लिए हर केज में कूलर लगाए गए हैं, जो लगातार चल रहे हैं। कूलर की ठंडी हवा से वन्यजीवों को काफी राहत मिल रही है और वे अधिकतर समय कूलर के सामने बैठे नजर आते हैं। कूलर में पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है ताकि ठंडक बनी रहे।

ग्रीन नेट और खास डाइट से मिल रही सुरक्षा

भीषण गर्मी से अतिरिक्त सुरक्षा के लिए केज के चारों ओर ग्रीन नेट लगाया गया है, जिससे गर्म हवाओं का असर कम हो सके। इसके साथ ही वन्यजीवों के आहार में विटामिन-सी और मल्टीविटामिन शामिल किए गए हैं, जिससे उनकी सेहत बेहतर बनी रहे। वन विभाग की टीम चौबीसों घंटे इनकी निगरानी कर रही है।

कुछ बाघों का रहा है दहशत का इतिहास

जानकारी के अनुसार, सेंटर में रखे गए कई बाघ पहले गांवों में दहशत फैला चुके थे और कुछ मामलों में जनहानि भी हुई थी, जिसके बाद उन्हें पकड़कर यहां लाया गया। वहीं, कुछ वन्यजीव घायल हैं, जिनका इलाज भी इसी केंद्र में किया जा रहा है।

विशेष निगरानी में वन्यजीव

ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर के वेटरनरी अधिकारी डॉ. कुंदन पोड़चलवार के मुताबिक, सभी बाघ और तेंदुए विशेष देखरेख में हैं। हर केज में कूलर और ग्रीन नेट की व्यवस्था है। कूलर लगाए जाने के बाद बाघ ठंडी हवा वाले हिस्से में अधिक समय बिताते हैं और खुले हिस्सों में कम जाते हैं। पीने के पानी की व्यवस्था भी केज के अंदर ही की गई है।

आमजन अभी भी गर्मी से बेहाल

एक ओर जहां इन वन्यजीवों को कूलर और विशेष देखभाल के जरिए राहत दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर चंद्रपुर के आम नागरिक अब भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़…

यह भी पढ़ें: