सिरोंचा-अहेरी में 3.6 तीव्रता के भूकंप के झटके

नागेपल्ली क्षेत्र में भी महसूस हुई हलचल; प्राथमिक जानकारी के अनुसार कोई जनहानि या वित्तीय नुकसान नहीं

गढ़चिरौली, ब्यूरो: गढ़चिरौली जिले में गुरुवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 4 बजकर 36 मिनट पर 3.6 तीव्रता के भूकंप की नोंद हुई। भूकंप की गहराई करीब 10 कि.मी. बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र सिरोंचा तालुका के आरक्षित वन क्षेत्र में होने की जानकारी सामने आई है।

भूकंप के झटके सिरोंचा के साथ ही अहेरी तालुका के अहेरी और नागेपल्ली क्षेत्र में भी महसूस किए गए। तड़के के समय अचानक हलचल महसूस होने से कुछ समय के लिए नागरिकों में चिंता का माहौल बना। हालांकि, भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार भूकंप के कारण जिले में कहीं भी जनहानि या वित्तीय नुकसान नहीं हुआ है। स्थानीय प्रशासन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों से स्थिति की जानकारी ली जा रही है। प्रशासन द्वारा भूकंप से संबंधित किसी भी संभावित नुकसान की जानकारी जुटाने का काम जारी है।

जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने नागरिकों से अपील की है कि भूकंप के हल्के झटकों से घबराने की आवश्यकता नहीं है। नागरिक शांत रहें और आवश्यक सावधानी बरतें। साथ ही भूकंप को लेकर सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों और अप्रमाणित संदेशों पर विश्वास न करें।

प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य है और किसी बड़े नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़..

यह भी पढ़ें: