नक्सलगढ़ में 77 साल बाद बीनागुंडा-लाहेरी पहुंचे कलेक्टर

नक्सलमुक्ति की दिशा में भरोसे की पहल, फार्मर आईडी, सड़क-नेटवर्क और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

गडचिरोली: जिले के सुदूर छत्तीसगढ़ सीमा से सटे नक्सल प्रभावित बीनागुंडा और लाहेरी क्षेत्र में आजादी के 77 साल बाद पहली बार जिला कलेक्टर स्तर के अधिकारी ने पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। कलेक्टर अविश्यांत पंडा ने गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं, जमीनी हालात का जायजा लिया और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

दौरे के दौरान उन्होंने वनपट्टा धारकों से चर्चा करते हुए कहा कि सभी पात्र लाभार्थी जल्द से जल्द “फार्मर आईडी” बनवाएं, क्योंकि इसी के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने पक्की सड़क, मोबाइल नेटवर्क, नियमित बिजली और नए वनपट्टों जैसी मूलभूत मांगें रखीं, जिस पर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जमीनी समस्याओं से रूबरू प्रशासन
ग्रामीणों ने बताया कि जरूरी दस्तावेजों के लिए भामरागढ़ जाना पड़ता है, बिजली आपूर्ति बाधित रहती है और मरम्मत समय पर नहीं होती। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही। राशन वितरण नियमित होने और मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानी के उपयोग की जानकारी भी सामने आई।

शिक्षा पर जोर, शिक्षकों को जिम्मेदारी का संदेश
कलेक्टर ने अभिभावकों से बच्चों के भविष्य पर चर्चा करते हुए शिक्षा के महत्व को समझाया। बीनागुंडा स्कूल में 65 और आंगनवाड़ी में 18 बच्चों की उपस्थिति पर संतोष जताया। उन्होंने शिक्षकों से निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की।

सुरक्षाबलों का बढ़ाया मनोबल
दौरे में पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण कर सी-60 कमांडो, सीआरपीएफ और एसआरपीएफ जवानों से बातचीत की और उनके कार्य की सराहना की।

लाहेरी में ग्रामसंवाद, फार्मर आईडी वितरण
लाहेरी में ग्रामसभा के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, नेटवर्क, धान खरीदी भुगतान और गोदाम की कमी जैसे मुद्दे उठे। कलेक्टर ने बीएसएनएल नेटवर्क सुधार, 4G सुविधा, ई-पीक निरीक्षण और धान भंडारण के लिए गोदाम निर्माण जल्द शुरू करने की बात कही।

स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस
लाहेरी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए मलेरिया नियंत्रण के लिए अधिक से अधिक मच्छरदानी उपयोग पर जोर दिया गया। प्रशासन द्वारा 30 हजार मच्छरदानियों का वितरण, जांच और जागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी गई।

पुल निर्माण में तेजी, देरी पर कार्रवाई की चेतावनी
गुंडेनूर नाले पर बन रहे पुलों का निरीक्षण कर दो महीने में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। देरी होने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बहुउद्देश्यीय केंद्र और आश्रम स्कूल का निरीक्षण
पीएम जनमन योजना के तहत बहुउद्देश्यीय केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां एक ही स्थान पर कई सेवाएं उपलब्ध होंगी। आश्रम स्कूल की इमारत का काम 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को फील्ड में काम करने के निर्देश
भामरागढ़ में बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि परियोजनाओं की जमीनी स्तर पर निगरानी करें और समस्याओं का समाधान करें।

पर्यटन विकास की नई संभावनाएं
बीनागुंडा झरने का दौरा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि क्षेत्र नक्सलमुक्त हो रहा है और पर्यटन के लिए बड़ी संभावना है। यहां सहित 11 पर्यटन स्थलों के विकास की योजना तैयार की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़…

यह भी पढ़ें: