गडचिरोली में संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

गडचिरोली शहर के धानोरा रोड स्थित शिवाजी स्कूल/कॉलेज के सामने मैदान में एक 24 वर्षीय युवक का संदिग्ध हालात में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना बीती रात की बताई जा रही है, जिसका खुलासा रविवार सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब कुछ बच्चे खेलने और व्यायाम के लिए मैदान में पहुंचे।

मृतक की पहचान हरबचन सिंह खन्ना सिंह पटवा (उम्र 24 वर्ष), निवासी गोकुल नगर के रूप में हुई है। बच्चों ने शव देखते ही तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल भेज दिया। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।

प्राथमिक जांच में मृतक के नाक, मुंह और निजी अंगों से खून निकलने की बात सामने आई है, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि, शरीर पर किसी भी धारदार हथियार के निशान नहीं मिले हैं। गडचिरोली शहर के पुलिस थाना के थानेदार विनोद चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई मौत।

घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ, लेकिन मृतक की नीले रंग की मोपेड (MH 33 AG 0341) मौके पर चाबी लगी हालत में खड़ी मिली है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।

शहर में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, हालांकि पुलिस ने प्रेम प्रसंग जैसी अटकलों को खारिज किया है और हर एंगल से जांच की बात कही है।

इस घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त के बावजूद ऐसी घटनाएं होना चिंता का विषय है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सच्चाई सामने लाने में जुटी हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़…

यह भी पढ़ें: