गढचिरौली/धानोरा दि. 12 अगस्त 2026 : धानोरा तालुका के जपतलाई गांव स्थित सरकारी सहायता प्राप्त आश्रमशाला में सर्पदंश से तीन छात्राओं की मौत के मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने आश्रमशाला का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने के साथ ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, आश्रमशाला में फर्श पर सो रही छात्राओं को जहरीले सांप ने डस लिया था। इस दर्दनाक घटना में तीन छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन छात्राओं का अस्पताल में इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सरकारी अनुदान मिलने के बावजूद अगर आश्रमशालाओं में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आश्रमशालाओं का निरीक्षण केवल मुख्य सड़कों के आसपास स्थित संस्थानों तक सीमित न रखा जाए। दूरदराज और अंदरूनी इलाकों में चल रही आश्रमशालाओं का भी नियमित और गंभीरता से निरीक्षण किया जाए।
सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निरीक्षण करने वाले अधिकारी सुविधाओं की कमी के बावजूद गलत रिपोर्ट देते हैं, तो ऐसे अधिकारियों को निलंबित किया जाना चाहिए।
जपतलाई की इस घटना के बाद अब आश्रमशालाओं में छात्राओं की सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर प्रशासन की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद संबंधित प्रबंधन और अधिकारियों पर कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।
ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज…