आजादी के बाद पहली बार तुमरकोठी गांव में पहुंची बिजली

गडचिरोली जिले के अति दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में स्थित तुमरकोठी गांव में आखिरकार आजादी के दशकों बाद बिजली पहुंच गई है। 27 अप्रैल 2026 को गडचिरोली पुलिस और महाराष्ट्र राज्य विद्युत मंडल के संयुक्त प्रयासों से गांव में विधिवत रूप से विद्युत सेवा शुरू की गई। इस ऐतिहासिक पहल से गांव के नागरिकों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार, हेडरी उपविभाग के अंतर्गत आने वाला यह गांव लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं से वंचित था। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां, यातायात के सीमित साधन और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां विकास में बड़ी बाधा बनी हुई थीं। हालांकि, 19 दिसंबर 2025 को तुमरकोठी में पुलिस स्टेशन की स्थापना के बाद हालात बदलने लगे और गांव के विकास को गति मिली।

गांव में बिजली पहुंचने से अब घर-घर रोशनी होगी, पेयजल व्यवस्था में सुधार होगा और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गडचिरोली पुलिस द्वारा ग्रामीणों को 100 बल्ब, 100 होल्डर, वायर और अन्य आवश्यक सामग्री निःशुल्क वितरित की गई, जिससे तुरंत बिजली का उपयोग शुरू किया जा सके।

गडचिरोली पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने कहा कि यह पहल केवल बिजली उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आएगा।

इससे पहले भी गडचिरोली पुलिस द्वारा इस क्षेत्र में कई विकासात्मक पहल की गई हैं। 16 जुलाई 2025 को मरकनार–अहेरी मार्ग पर बस सेवा शुरू की गई थी, वहीं 17 मार्च 2026 को पहली बार तुमरकोठी से अहेरी तक नियमित बस सेवा चालू की गई। इसके अलावा, 28 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर 200 से अधिक ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।

जिले में संचार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी बड़े पैमाने पर काम किया गया है। गडचिरोली पुलिस की सुरक्षा में 559 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं, 424 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और 65 पुलों का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। इन प्रयासों से न केवल विकास को गति मिली है, बल्कि प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास भी मजबूत हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आने से अब उनके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और उनका गांव भी विकास की मुख्यधारा में शामिल हो सकेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़…

यह भी पढ़ें: