राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने महाराष्ट्र में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने मौजूदा कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए सख्त कानूनी बदलावों की जरूरत बताई।
रोहित पवार ने कहा कि आज के समय में नेताओं और संपन्न लोगों के परिवारों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहते हैं, लेकिन आम नागरिकों के बच्चों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे है। जब बच्चे स्कूल और कॉलेज जाते हैं, तब उनकी जिम्मेदारी सरकार की होती है, लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर नजर आती है।
उन्होंने हाल ही में एक 3-4 साल की बच्ची के साथ हुए जघन्य अपराध का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा कानूनों में कई खामियां हैं, जिनका फायदा उठाकर आरोपी आसानी से जमानत पर बाहर आ जाते हैं। इससे अपराधियों में डर खत्म हो रहा है और ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो रही है।
पवार ने राज्य सरकार से मांग की कि ‘शक्ति कानून’, जिसे महाराष्ट्र सरकार ने वर्ष 2021 में पारित कर केंद्र सरकार को भेजा था, उसे जल्द से जल्द लागू किया जाए। उनका कहना है कि सख्त कानून और त्वरित सजा ही अपराधियों में खौफ पैदा कर सकती है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर सरकार ने इस दिशा में जल्द कदम नहीं उठाए, तो ऐसे गंभीर अपराधों पर नियंत्रण पाना मुश्किल हो जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़…