उद्योग के साथ जल, जमीन, जंगल और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता
गढ़चिरौली, ब्यूरो 26 अगस्त। गढ़चिरौली जिले के गठन को आज, 26 अगस्त को 44 वर्ष पूरे हो गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जिले के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए गढ़चिरौली के विकास की यात्रा की सराहना की। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि माओवाद की पुरानी पहचान को पीछे छोड़कर गढ़चिरौली अब देश के ‘ग्रीन स्टील हब’ के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि गढ़चिरौली जिला उनके हृदय में हमेशा विशेष स्थान रखता है। जिले के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज गढ़चिरौली को माओवाद से मुक्त होते देखकर खुशी हो रही है। पुरानी पहचान को पीछे छोड़ते हुए जिला अब देश के ‘ग्रीन स्टील हब’ के रूप में नई पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से गढ़चिरौली जिले के विकास के लिए बेहद ईमानदार प्रयास किए गए हैं, जिसके परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। जिले में करोड़ों रुपये का निवेश आ रहा है। उद्योग, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के निर्माण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इससे न केवल गढ़चिरौली बल्कि आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
जिले के औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के साथ ही जल, जमीन, जंगल और पर्यावरण के संरक्षण पर भी समान गंभीरता से विचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन कायम रखते हुए गढ़चिरौली की प्रगति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मेडिकल कॉलेज, विमानतल, रेलमार्ग, सड़कों के निर्माण तथा शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार से गढ़चिरौली जिले के विकास को नई गति मिल रही है। इन परियोजनाओं के माध्यम से जिला तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है, ऐसा भी मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा।
मुख्यमंत्री ने गढ़चिरौली के इस परिवर्तन का श्रेय जिले के नागरिकों को देते हुए कहा कि विकास की प्रक्रिया में नागरिकों द्वारा दिया गया मजबूत सहयोग ही इस परिवर्तन का परिणाम है। नागरिकों की भागीदारी से जिले की विकास यात्रा और अधिक तेज हो रही है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि हम सभी मिलकर गढ़चिरौली के विकास में नई ऊंचाइयां जोड़ें और इस प्रयास में नागरिकों का सहयोग भविष्य में भी इसी तरह मिलता रहे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जिले के 44वें स्थापना दिवस के अवसर पर गढ़चिरौली जिले के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।
ब्यूरो रिपोर्ट सिंदूर न्यूज़..